रांची : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी भले अपने शहर रांची में हों या न हों, लेकिन उनकी चर्चा खूब होती रहती है। राज्य में इन दिनों गांव की सरकार चुने जाने की प्रक्रिया यानी पंचायत चुनाव चल रहे हैं। इसमें भी धोनी चर्चा में हैं।


वह भी ‘’ को लेकर। आप यह सोच रहे होंगे कि महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में व्यस्त हैं, तो फिर पंचायत चुनाव में उनकी मौजूदगी कैसे? इसका जवाब ये है कि धोनी की तरह दिखने वाले एक शख्स की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। राजधानी रांची से सटे सिल्ली के लोटा पंचायत में यह शख्स चुनाव कराता दिखा, तो लोगों ने इसकी तस्वीरें खींच ली।

झारखंड पंचायत चुनाव कराने की ड्यूटी में महेंद्र सिंह धोनी के होने का जिक्र यूं ही नहीं आया है। इस क्रिकेटर की तरह दिखने वाले पंचायत चुनाव कर्मी विवेक कुमार की तस्वीरें देखकर आप भी एकबारगी धोखा खा जाएंगे।

चार दिन पहले अचानक सिल्ली प्रखंड के लोटा पंचायत में महेंद्र सिंह धोनी के पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगे होने की खबर तेजी से फैली।सिल्ली के साथ-साथ रांची से भी कई लोग इस ‘धोनी’ को देखने पहुंच गए। टेबल पर सिर झुकाए धोनी लगातार मतपत्रों के साथ अपना काम किए जा रहे थे। लोगों को उनका चेहरा नजर नहीं आ रहा था।

जैसे ही उस शख्स ने चेहरा उठाया तो लोग अचरज में पड़ गए। बिल्कुल धोनी की तरह हुबहू दिखने वाला यह शख्स विवेक कुमार थे। लोगों के चेहरे पर हैरानी देखकर वे मुस्कुराते हुए पंचायत ड्यूटी में अपने काम में रमे हुए थे।
