
PATNA : राजधानी पटना में एक्स आर्मीमैन ने खुद को गोली मारकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। कोतवाली थाना के किदवईपुरी की यह घटना बतायी जा रही है। बुधवार को किदवईपुरी के सरस्वती अपार्टमेंट में गोली चलने की आवाज से दहशत फैल गयी। अपार्टमेंट में अचानक चली गोली से कोई कुछ समझ नहीं पाया कि आखिर माजरा क्या है…गोली चलने की आवाज जिधर से आयी थी सभी लोग उस ओर भागे। गोली चलने की आवाज अपार्टमेंट के एक फ्लैट से आयी थी। उस फ्लैट में जाकर जब लोगों ने देखा तो पाया कि एक शख्स नीचे गिरा हुआ है और उसके चारों ओर खून-ही-खून पसरा हुआ था। वो व्यक्ति पूरी तरह खून से सना था। बाद में पता चलता है कि वो पूर्व सैनिक था।

इधर, गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस के होश उड़ जाते हैं। आनन-फानन में कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंचती है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज देती है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया कि आखिर किस वजह से पूर्व सैनिक ने अपनी जान दी…पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तहकीकात कर रही है। पूर्व सैनिक के प्रोफाइल को खंगाला जा रहा है।
