बेतिया जिले के नरकटियागंज नगर में ट्यूशन पढ़ने गई एक स्कूली छात्रा का अपहरण कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि अपह्रत लड़की पूर्वी चंपारण के एक गांव की रहने वाली है। मामले में अपह्रत लड़की के पिता ने नरकटियागंज शिकारपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

दर्ज एफआईआर में उन्होंने बताया है कि वे अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए नरकटियागंज नगर के एक मोहल्ले में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री बीए. की पढ़ाई कर रही है। नगर के एक मोहल्ले में स्थित एक कोचिंग में पढ़ने के लिए वह शुक्रवार के सुबह घर से निकली थी।

देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने नरकटियागंज शिकारपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी।

वहीं मामले में नरकटियागंज शिकारपुर थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले में अपह्वत लड़की के पिता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर लड़की की बरामदगी के लिए लगतार छापामारी की जा रही है। लड़की के मोबाइल को सर्विलांस में रखकर छानबीन किया जा रहा है। जल्द ही लड़की को बरामद कर अपहरण में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अप्रैल एवं मई माह में आधा दर्जन से अधिक अपहरण की घटना नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र में घटी है। इसमें से चार युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अप्रैल माह में एक छात्रा का अपहरण किया गया था उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं मई माह में 6 अपहरण की घटना हुई इसमें से एक ही दिन तीन तीन लड़कियों को अलग-अलग जगहों से पुलिस ने बरामद कर लिया था।
