मुजफ्फरपुर : ब्रह्मपुरा के जागरण चौक पर मोबाइल चोरी के आरोपी अशोक महतो को गिरफ्तार करने गयी ब्रह्मपुरा थाने की पुलिस पर परिजन और नूनफर मोहल्ला की भीड़ ने हमला कर दिया। दारोगा ओमप्रकाश और अन्य पुलिस जवानों के साथ मारपीट की गई और वर्दी भी फाड़ डाला। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस टीम भीड़ में फंसी रही।

इस दौरान महिला जवान के साथ भी बदसलूकी की गई। पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्रवार की देर रात हुई इस घटना की एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में गिरफ्तार अशोक महतो को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

चोरी की मोबाइल के चालू होने के बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर अशोक को चिह्नित किया था। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की गई। अशोक महतो घर में मिल गया लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद परिजन हंगामा करने लगे। आसपास के मोहल्ले के लोग जुट गए। भीड़ भारी पड़ी और पुलिस को पीटने लगी।

वायरलेस पर सूचना देने के बाद अश्व मोबाइल और सदर थाने की गश्ती पुलिस आयी। बेकाबू भीड़ को पुलिस ने फायरिंग की चेतावनी दी, तब वह पीछे हटी। पहले ही गिरफ्तार हो चुके अशोक महतो को पुलिस साथ में थाने लायी। तीन जवानों का सदर अस्पताल में रात में ही इलाज कराया गया।

