बिहार के मुंगेर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र स्थित बागेश्वरी निवासी उमेश यादव का पुत्र संतोष यादव वट सावित्री व्रत-पूजन के लिए अपनी पत्नी को लाने डकरा सतखजुरिया स्थित अपना ससुराल गया हुआ था।

पत्नी को मायके से ससुराल ले जाने के दौरान नया रामनगर थाना के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जहां पत्नी की मौत हो गई, वहीं पति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार वट सावित्री व्रत-पूजन को लेकर संतोष यादव रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे अपने ससुराल डकरा सत खजुरिया से अपनी पत्नी प्रीति देवी को बाइक पर बैठाकर बागेश्वरी लेकर जा रहा था।

जैसे ही वह राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर रामनगर थाना के समीप पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक का धक्का लगते ही बाइक सवार दंपति दूर जा गिरे।

स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे तब तक प्रीति की मौत हो चुकी थी। जबकि संतोष गंभीर रूप से घायल पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल लाया गया।

जहां चिकित्सक ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया तथा संतोष का इलाज चल रहा है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।