चो’री की बा’इक पर सज रहा ‘बार’, 100 से 500 रुपये में पै’ग पिला रहे डि’लीवरी बॉय; 17 हजार लीटर श’राब ज’ब्त

माफिया व धंधेबाज शराब बेचने के नये-नये पैंतरे अपना रहे हैं। पूरी बोतल नहीं खरीद सकने वाले शराबियों के लिए अब चोरी की बाइक पर ‘बार’ सज रहा है। चौक चौराहों पर घूम-घूमकर डिलीवरी बॉय शराब की पैग बेच रहे हैं। विभिन्न ब्रांडों की सॉफ्ट पैग 100 रुपये में तो पटियाला पैग 500 रुपये तक में पिलायी जा रही है। शराब की होम डिलीवरी का ट्रेंड पुराना है, लेकिन बोतल की जगह पैग बेचने का ट्रेंड नया है।

मुजफ्फरपुर के कांटी व मिठनपुरा में शराब की पैग बेचने के नये ट्रेंड का खुलासा हुआ है। दोनों जगहों पर बाइक और स्कूटी से खुली शराब की बोतल और डिस्पोजल ग्लास बरामद किए गए हैं। पुलिस को देखकर धंधेबाज फरार हो गए। कांटी व मिठनपुरा से जब्त गाड़ियां चोरी की होने की पुलिस को आशंका है। कांटी थाने के साइन ब्रजलाल गांव की पुतुल देवी ने इसी सप्ताह पुलिस को सूचना देकर नशेड़ी पति को गिरफ्तार करवाया था।

गिरफ्तार अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि डिलीवरी बॉय अजीत पटेल इलाके में घूम-घूमकर शराब पिलाकर लोगों से पैसा लेता है। हालांकि पुलिस ने जब छापेमारी की तो वह फरार मिला। उसकी बाइक की डिक्की से पुलिस ने आधी बोतल शराब और डिस्पोजल ग्लास जब्त किया था।

अजय ने पुलिस को बताया है कि जो लोग 800 से 1500 रुपये तक में मिलने वाली शराब की बोतल नहीं खरीद पाते, उसे ये लोग पैग के अनुसार शराब मुहैया कराते हैं। इस तरह पास में जितने रुपये हैं, उसी हिसाब से शराब मिल जाती है।

मामले में तीन लोगों के खिलाफ दिए बयान पर एफआईआर दर्ज की है। इधर, मिठनपुरा थानेदार श्रीकांत सिन्हा ने बताया कि शनिवार देर शाम शराब बेचे जाने की सूचना पर छापेमारी की। खादी भंडार चौक के पास स्कूटी सवार युवक ग्लास में शराब बेच रहा था। गश्ती दल को देख डिलीवरी बॉय स्कूटी छोड़कर फरार हो गया।
स्कूटी की डिक्की से खुली हुई एक बोतल शराब व ग्लास मिला है। पुलिस अब स्कूटी के नंबर के आधार पर धंधेबाज तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि शराब की होम डिलीवरी को लेकर लगातार कार्रवाई चल रही है। हर रोज गिरफ्तारियां भी हो रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में शराब की होम डिलीवरी धड़ल्ले से हो रही है। एक चिह्नित स्थान पर शराब बेचने पर पुलिस और उत्पाद विभाग की पैनी नजर रहती है। इससे बचने के लिए धंधेबाज शराब की होम डिलीवरी अधिक करवा रहे हैं। इसके लिए नये तरीके भी अपना रहे हैं। कोई सब्जी के झोले में तो कोई राशन के सामान के बीच शराब की होम डिलीवरी कर रहा है। हाल के दिनों में ऐसे कई डिलीवरी बॉय पकड़े गए हैं। इस माह 28 दिनों में पुलिस ने शराब की होम डिलीवरी करने वाले 193 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि किसी एक जगह शराब बेचने वाले 174 की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस रिकॉर्ड देखने से इसकी पुष्टि होती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.