शेखपुरा। शेखपुरा में शिक्षा विभाग से जुड़े एक टेंडर में गड़बड़ी की शिकायत के बाद आनन-फानन में रात को जिला शिक्षा कार्यालय को सील कर दिया गया। भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर सोमवार की रात 9 बजे जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर शिक्षा विभाग के प्रधान क्लर्क के कार्यालय को सील कर दिया गया। टेंडर में गड़बड़ी पर यह कार्रवाई की गई। मंगलवार को कार्यालय खोलकर छानबीन की जाएगी। ऐसा होने पर अन्य विभागों में भी हड़कंप की स्थिति है।
इस संबंध में आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया कि शिक्षा विभाग के स्थापना शाखा के क्लर्क मनोज महतो के विरुद्ध जिलाधिकारी से टेंडर को लेकर शिकायत की गई थी। इसी शिकायत पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। शाम में मनोज महतो को कार्यालय में बुलाया गया और रजिस्टर की मांग की गई।
मनोज यह रजिस्टर प्रस्तुत नहीं कर सका। दो घंटे तक अधिकारी इंतजार करते रहे। जब मनोज रजिस्टर लेकर नहीं आया तो जिलाधिकारी के ओएसडी राजीव कुमार रात्रि 9 बजे शिक्षा विभाग की स्थापना शाखा के क्लर्क के कार्यालय पहुंचे।
वहां चाबी की मांग की गई। चाबी प्रस्तुत नहीं किया गया। फिर गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए राजीव कुमार ने स्थापना के क्लर्क के कार्यालय को सील कर दिया।

