राज्यसभा चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन मंगलवार को BJP के दोनों प्रत्याशियों शंभू शरण पटेल और सतीश चंद्र दुबे ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद इन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया।


BJP ने पटेल को टिकट देकर सबको चौंका दिया था। उनका BJP के प्रदेश कार्यालय में संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी के चरणों में झुकने का एक वीडियो सामने आया है। इसके बाद उनको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। वीडियो में वह कहते हुए भी सुने जा सकते हैं कि वीडियो-फोटो मत बनाइए। अब विरोधी खेमा उनके टिकट मिलने के राज को इससे भी जोड़ रहा है।

जानिए, कौन हैं शंभू शरण पटेल
शंभू शरण पटेल शेखपुरा जिले के चेवाड़ा प्रखंड के छठीआरा गांव के रहने वाले हैं। ये अति पिछड़ा समाज के धानुक समुदाय से आते हैं। केवल शेखपुर विधानसभा की बात करें तो 2.26 लाख वोटर वाले इस क्षेत्र में धानुक-कोईरी 60 हजार से अधिक हैं। पार्टी में फिलहाल शंभू शरण पटेल बिहार भाजपा के प्रदेश सचिव हैं। प्रदेश सचिव के पहले वे BJP ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे हैं।


पटेल BJP में आने से पहले JDU में थे और कॉन्ट्रैक्टर का काम करते थे। इनके नाम की घोषणा के बाद सियासी हलकों में इनके JDU छोड़ने की प्रक्रिया की भी खूब चर्चा है। बताया जाता है कि पूर्व मंत्री श्याम रजक से इनका किसी बात पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि इन्होंने पार्टी ही छोड़ दी।

सोमवार को नहीं हो सका था नामांकन
दरअसल, BJP के दोनों उम्मीदवारों का नामांकन सोमवार को ही होना था। इनकी सारी तैयारी भी हो गई थी। CM नीतीश कुमार और डिप्टी CM तारकिशोर के अलावा बिहार सरकार का पूरा कैबिनेट विधानसभा में नामांकन कराने पहुंचा था, लेकिन कागज पूरा नहीं होने के कारण नहीं हो सका था। इन्हें मंगलवार को अपना कागजात पूरा कर आने के लिए कहा गया था।

आगे क्या, स्क्रूटनी के बाद इन्हें सर्टीफिकेट दिया जाएगा
मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है। बुधवार को सभी कैंडिडेट का स्क्रूटनी किया जाएगा। अगर कागजात पूरी तरह सही होने के बाद इन्हें विजयी घोषित कर दिया जाएगा और इन्हें जीत का सर्टिफिकेट दे दिया जाएगा।