सदर थाना के भगवानपुर चौक के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक 28 वर्षीय राजीव महतो करजा थाना के जियन खुर्द गांव का रहनेवाला था। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक और खलासी फरार हो गए।

आक्रोशित लोगों व दुकानदारों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सदर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशितों को समझाकर शांत कराया।

जमादार कर्मदेव उरांव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। सूचना पर भाई सुनील महतो समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि राजीव पेशे से राजमिस्त्री था। वह किसी काम से शहर आया था।

सुबह करीब दस बजे भगवानपुर गोलंबर के समीप हादसा हुआ। गोबरसही की ओर से आ रहे ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सवार राजीव को रौंद दिया।

इससे करीब 20 मीटर तक ट्रक में बाइक फंसकर बीबीगंज की ओर घिसटाती चली गई। सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रक का चालक व खलासी फरार हैं। ट्रक जब्त कर छानबीन की जा रही है।
