पटना : सेशन लेट चलने से नाराज मगध यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राएं मंगलवार को JDU कार्यालय में शिक्षा मंत्री विजय चौधरी से अपनी गुहार लगाने पहुंचे, लेकिन मनमाफिक जवाब नहीं मिलने पर वहीं बिलख पड़े। एक छात्रा तो फूट-फूटकर रोने लगी।

उसने कहा, ‘जो सेशन 3 साल में पूरे होना था, उसमें 6 साल का वक्त लग रहा है। लेट सेशन की वजह से करियर में परेशानी हो रही है। पहले एग्जाम दौड़ाने के लिए दौड़ो, अगर हुआ तो रिजल्ट के लिए, फिर डिग्री के लिए। सरकार को व्यवस्था सुधारने से मतलब नहीं है। उनको जाति गिनने ज्यादा जरूरी है।’ खास बात है कि जब छात्र अपनी समस्या शिक्षा मंत्री विजय चौधरी को सुना रहे थे, तो वह सुनते -सुनते बाहर चले गए।

दरअसल, JDU कार्यालय में प्रतिदिन एक मंत्री आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए बैठते हैं। इसी दौरान जब शिक्षा मंत्री लोगों की समस्याएं सुन रहे थे, तो मगध विश्वविद्यालय के छात्र पहुंचे।

पहले तो शिक्षा मंत्री ने छात्र-छात्राओं की गुहार सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। छात्र-छात्राओं का आक्रोश इस बात को लेकर था कि उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। इधर जदयू कार्यालय में पहुंची छात्राएं अपनी फरियाद सुनाते-सुनाते रोने लगीं।

शिक्षा मंत्री बोले- सेशन लेट चलना सरकार के लिए भी दुखद
शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। सेशन लेट चल रहा है, यह सरकार के लिए भी दुखद है। पदाधिकारी और विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण हमारे छात्र-छात्राओं को मुश्किल होती है। इसे लेकर हमने बैठक भी की है। चाहते हैं कि विश्वविद्यालय में कक्षाएं और परीक्षाएं सही समय पर हों। इसको लेकर आगे भी बातचीत की जाएगी।
