बिहार के दो शहर में तेल भंडार के संकेत, ओएनजीसी ने सरकार से मांगा लाइसेंस

पटना : तेल और प्राकृतिक गैस निगम लि. (ओएनजीसी) का आकलन है कि बिहार के बक्सर और समस्तीपुर में गंगा के किनारे तेल के भंडार हो सकते हैं। इस आकलन की पुष्टि के लिए ओएनजीसी ने बिहार के खान एवं भू-तत्व विभाग से पेट्रोलियम एक्सप्लोरेशन (अन्वेषण) लाइसेंस के लिए आवेदन किया है।

राज्य की स्वीकृति मिली तो लाइसेंस की अवधि करीब चार वर्षों की होगी। इसके पहले भी सिवान, पूर्णिया और बक्सर में तेल भंडार होने का अनुमान लगाया गया था। जानकारी के अनुसार गंगा बेसिन में समस्तीपुर में करीब 308.32 वर्ग किमी, जबकि बक्सर 52.13 वर्ग किमी में तेल भंडार होने का अनुमान है।

तेल भंडार कितना है इसके आकलन के लिए पहले राज्य की अनुमति आवश्यक है। ओएनजीसी के आवेदन के बाद खनन विभाग ने दोनों जिलों के प्रशासनिक प्रमुखों को इस संबंध में अवगत करा दिया है।

 

राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद तेल भंडार की खोज के पहले चरण में भूकंप डेटा रिकार्डिंग प्रणाली का उपयोग कर 2-डी भूकंपीय सर्वेक्षण होगा। इसके बाद गुरुत्वाकर्षण चुंबकीय और मैग्नेटो-टेल्यूरिक (एमटी) सर्वेक्षण भी होगा। पुष्टि होने के बाद प्राकृतिक  तेल प्राप्त करने के लिए आगे की प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी।

बता दें कि बक्सर में करीब चार वर्ष पूर्व ही गंगा बेसिन में तेल का भंडार होने के सबूत मिले थे। उस दौरान ओएनजीसी की टीम ने सिमरी में कैंप कर तेल भंडार की जानकारी के लिए सर्वे किया था। पहले चरण में राजपुर कला पंचायत में कुछ स्थानों पर खनन भी किया गया था। बक्सर के अलावा सिवान के रघुनाथपुर में भी तेल होने की जानकारी मिलने पर मिट्टी के नमूने जांच को हैदराबाद भेजे गए थे। इन दो स्थानों के साथ पूर्णिया में भी 46.5 करोड़ टन कच्चे तेल का अनुमान लगाया गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.