पटना में पूर्व BJP विधायक चितरंजन शर्मा के दो भाइयों के मर्डर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बाइक सवार हमलावरों ने दोनों को गोलियों से भून दिया। इस दौरान पूर्व विधायक के भाई ने संघर्ष भी किया था। अपराधियों ने जाते समय चेक किया कि दोनों जिंदा तो नहीं हैं।

वारदात मंगलवार देर शाम पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के विजयनगर की है। इसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी किस तरह बीच सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियों से दो लोगों को भून डाला। पुलिस ने घटना का CCTV फुटेज को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से 7 MM और 9 MM के कई खोखे बरामद किए हैं।

दोनों भाई गिर गए तो शूटरों ने छूकर देखा फिर भागे
शंभू और गौतम दोनो भाई शाम में करीब सवा छह बजे दफ्तर से बाइक से घर के लिए रवाना हुए। बाइक गौतम चला रहे थे। जैसे ही गौतम और शंभू काली मंदिर रोड पर प्रसाद अपार्टमेंट के पास पहुंचे, दो युवकों ने उन्हें रोका। दोनों युवकों ने मोबाइल पर किसी से बात की।

उसके बाद हेलमेट पहने गौतम और शंभू को कनपटी और सिर में गोली मार दी। दोनों को गोली मारने के बाद भीड़-भाड़ वाले इलाके में शूटरों ने कुछ देर तक दोनों को छूकर देखा कि कौन जिंदा है। उसके बाद हथियार लहराते फरार हो गए। दोनों युवक शंभू व गौतम का हरलोक अपार्टमेंट से पीछा कर रहे थे। उनकी बाइक पर प्रेस लिखा था।

गोली लगने के बाद 15 मिनट तड़पते रहे शंभू
मंगलवार देर शाम गौतम सिंह और शंभू सिंह की हत्या के बाद पटना से लेकर उनके मसौढ़ी के नीमा गांव तक कोहराम मच गया। काली मंदिर रोड के भीड़-भाड़ इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट से स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। कई दुकानदारों ने शटर बंद कर दिया। घटना का जब एक महिला व स्थानीय लोग छत से वीडियो बनाने लगे तो शूटरों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि बंद करों यह सब, नहीं तो गोली चला देंगे। गोली लगने के बाद गौतम बाइक से गिर गए, जबकि शंभू कुछ दूर लुढ़क गए।

गौतम की मौत मौके पर हो गई, जबकि शंभू करीब 15 मिनट तक तड़पते रहे। पुलिस के आने में 15 मिनट का वक्त लग गया, जबकि अगमकुआं और पत्रकारनगर थाना 200 से 300 मीटर दूर है। शंभू के शरीर से खून गिरता रहा और वह वहीं पर कराहते रहे। पुलिस पहुंची तब शंभू को लेकर मलाही पकड़ी स्थित उमा अस्पताल ले गई। तबतक शरीर से खून निकल चुका था। उमा अस्पताल से पारस ले जाया गया जहां उनकी भी मौत हो गई।