मुजफ्फरपुर : एमआईटी के छात्रों को नगर निगम देगा इंटर्नशिप

एमआईटी के छात्रों को मुजफ्फरपुर नगर निगम इंटर्नशिप देगा। छात्रों को स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कामों को देखने और सीखने का मौका मिलेगा। इंजीनियरिंग छात्रों को इंटर्नशिप दिलाने के लिए (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद) एआईसीटीई ने अपनी वेबसाइट पर इंटर्नशिप पोर्टल लॉन्च किया है।

इस पोर्टल पर सभी जिलों में इंटर्नशिप कराने वाली संस्थाओं को टैग किया गया है। मुजफ्फरपुर में एमआईटी के छात्रों को इंटर्नशिप कराने के लिए नगर निगम को चुना गया है।

एआईसीटीई के इंटर्नशिप पोर्टल से छात्र पढ़ाई के बाद या कोर्स के दौरान ही इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्रों को किस कंपनी में इंटर्नशिप करना है इसका भी विकल्प होगा। उन्हें अपनी पसंदीदा कंपनी का नाम पोर्टल पर भरना होगा। कंपनी में इंटर्नशिप के लिए जगह खाली होने पर छात्रों से वहां इसके लिए मौका मिलेगा।

छात्रों को इंटर्नशिप कराने के लिए एआईसीटीई ने कई संस्थाओं से करार भी किया है। यह संस्थाएं छात्रों को इंटर्नशिप कराने में मदद करेंगी। इसके अलावा छात्रों को अपने पसंद के शहर में भी इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा। छात्र चाहें तो अपने जिले में जाकर भी इंटर्नशिप कर सकते हैं।

एमआईटी के छात्र अगर बिहार से बाहर जाकर भी इंटर्नशिप करना चाहते हैं तो पोर्टल पर उसका भी विकल्प दिया गया है। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को पांच हजार रुपये स्टाइपन के तौर पर भी दिए जाएंगे। यह इंटर्नशिप तीन महीने से छह महीने तक का होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.