पटना। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल ने 9 मई को महाराणा प्रताप की जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित करने का बड़ा फैसला लिया है। साथ ही, पटना के फ्रेजर रोड में उनकी प्रतिमा स्थापित किए जाने के फैसले का क्षत्रिय समाज ने स्वागत किया है।
जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षत्रिय समाज के समक्ष दो वादा किया था, उसे पूरा किया। उन्हें कोटिश: धन्यवाद। नीतीश कुमार ने देश के पुरखों का सम्मान किया है। जिन्होंने देश और समाज के लिए आहूति दी उनके सम्मान के लिए वह सदैव तत्पर रहे हैैं।
खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि इस पुनीत कार्य के लिए क्षत्रिय समाज सदैव मुख्यमंत्री का आभारी रहेगा। महाराणा प्रताप की जयंती को राजकीय समारोह का दर्जा मिल जाने से क्षत्रिय समाज में अपार हर्ष है।
देश के अन्य राज्य भी नीतीश कुमार के इस ऐतिहासिक निर्णय का अनुसरण करेंगे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने अमर स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती को भी उन्होंने राजकीय समारोह का दर्जा दिया था।
जदयू नेता व राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव छोटू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय ऐतिहासिक है। इससे क्षत्रिय समाज का ही नहीं उन सभी लोगों का मनोबल बढ़ा है जो महाराणा को आदर्श मानते हैैं। यह देश के लिए अपने को न्योछावर करने वाले का सम्मान है।
