मुंगेर के शामपुर सहायक थाना क्षेत्र के बागेश्वरी गांव में एक कुएं से लड़की की लाश मिली है। लड़की की लाश देख इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोग हत्या की आशंका जताने लगे। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालने में जुट गई है।

शामपुर सहायक थाना प्रभारी ओम प्रकाश दुबे ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। लड़की की पहचान के लिए लोगों और आसपास के थानों की मदद ली जा रही है।

बता दें कि बीते 3 दिनों में इस गांव में संदिग्ध परिस्थिति में एक किशोर के बाद एक लड़की का शव मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।

बीते मंगलवार को भी हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र के शामपुर सहायक थाना अंतर्गत अग्रहण पंचायत के बागेश्वरी गांव स्थित चैती दुर्गा मंदिर के समीप एक तालाब से एक 16 वर्षीय किशोर सौरव कुमार का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद तीसरे दिन गांव से बाहर आज शुक्रवार को भी इसी तालाब से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से 17 वर्षीय एक लड़की की लाश मिली है। लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारे की गिरफ्तारी करे।

