छपरा की दुल्हन ने 21 मेहमानों को बांटे हैल्मेट:शादी में दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

सारण जिले में शादी के दौरान अनोखा उपहार देने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वर-वधु ने फेरे लेने से पहले बारात में आए इक्कीस लोगों को स्टेज पर उपहार में हैल्मेट भेंटकर सड़क पर सुरक्षित चलने की अपील की।

दरअसल, रसूलपुर थाना क्षेत्र के जमनपुरा गांव निवासी बलिराम दुबे की पुत्री बेबी कुमारी की शादी बीते 2 जून 2022 को सारण के कोपा थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव निवासी दयानाथ मिश्रा के पुत्र विकास मिश्रा से हुई थी।

विकास कहते हैं कि जिस प्रकृति ने जीवन दिया है, उसे सुरक्षित रखना हर मानव का धर्म है। वे अपनी जीवन संगिनी के साथ आपदा और सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा को लेकर संकल्पित हैं। शादी में बांटे गए हैल्मेट से लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर निश्चित जागरूकता आएगी।

बेबी के बड़े पापा की सड़क दुर्घटना में हुई थी मौत

दुल्हन बेबी कुमारी के बड़े पापा महंगु दुबे की 4 साल पहले चैनपुर-रसूलपुर पथ पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी। घटना से आहत बेबी ने शपथ ली थी कि वह अपनी शादी में बारातियों को हैल्मेट भेंट कर स्वागत करेगी। वर और वधु विकास व बेबी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल संदीप शाही से प्रेरित होकर इस कदम को उठाया।

संदीप शाही को दिल्ली में लोग हैल्मेट मैन के नाम से पुकारते हैं। संदीप दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों में भी लोगों को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन के लिए हैल्मेट पहनने की सलाह देते हैं। उनकी पहल पर 28 अप्रैल को भी जिले की एक बेटी की शादी में 51 लोगों को उपहार स्वरूप हैल्मेट प्रदान किया गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.