बिहार में चुनाव लड़ने के लिए 6 मुख्यमंत्री देंगे पैसा:PK बोले- बिना पैसे लिए सभी का सपोर्ट किया, अब वही लोग खर्च देखेंगे

चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने बताया कि देश के 6 मुख्यमंत्री बिहार में उनके कैपेनिंग का खर्च उठाएंगे। उन्होंने कहा, ‘मैंने उनको मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपना कंधा लगाया था। उनसे पैसे भी नहीं लिए थे। अब वो ही लोग बिहार में मेरे कार्यक्रमों के लिए मदद करेंगे।’

प्रशांत किशोर जन सुराज यात्रा निकाल रहे हैं। शुक्रवार को हाजीपुर में उन्होंने ये बताया कि उनके कार्यक्रमों के लिए फंडिंग कहां से होगी। उन्होंने कहा कि मेरे स्पॉन्सर के तौर पर देश के 6 मुख्यमंत्री हैं, जो मेरा खर्च उठाएंगे।

‘किसी पार्टी की ‘बी’ टीम नहीं बनेंगे’
PK पूरे जोश के साथ अपनी ‘जन सुराज’ यात्रा निकाल रहे हैं। साथ ही लोगों से यह भी कह रहे हैं कि वह कभी भी किसी भी पार्टी की ‘बी’ टीम बन कर काम नहीं करेंगे। अपने भाषण में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि किसी भी पार्टी में इतना पैसा और दम नहीं है कि उन्हें ‘बी टीम’ बना ले।

PK कहते हैं कि देश में कई ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिनके लिए उन्होंने अपना कंधा लगाया है। कभी उनसे फीस नहीं ली है। इसलिए जब हम यहां काम करने आए हैं, तो वह सभी मदद के लिए खड़े हैं। लोग कह रहे हैं कि पैसा कहां से आएगा, तो हमने कह दिया है कि हम बिहार में नया प्रयोग कर रहे हैं। आप मदद कीजिए। सभी मदद करेंगे।

PK अपनी रणनीति के बारे में बताते हैं कि लोग कहते हैं हम बहुत अच्छा स्लोगन लिखते हैं। अगर स्लोगन लिखने से चुनाव जीते जाते तो हम से बढ़िया स्लोगन लिखने वाले बहुत लोग हैं। लोग अभी तक सोच रहे हैं कि हम करते क्या हैं। अभी तक मेरा तोड़ नहीं निकाल पाए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी की नजर में हम स्लोगन लिखते हैं। किसी की नजर में कैंपेनिंग करते हैं। किसी की नजर में बताते हैं कि नेता को क्या कपड़ा पहनना है। हम कुछ नहीं करते हैं, हम लोगों की बात सुनते हैं और उस बात को सुनकर सार निकालते हैं और उसी से अपना कंटेंट बनाते हैं। इसलिए हम चुनाव कभी हारे नहीं हैं।

नीतीश कुमार समेत 6 मुख्यमंत्रियों के करीबी हैं PK
प्रशांत किशोर अब तक 11 चुनाव से जुड़े रहे हैं। बिहार में कैंपेनिंग करके नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया है। उसके बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर को जिताया और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता में वापस लाने में मदद की थी।

अब देखना है कि बिहार में प्रशांत किशोर कैंपेन चला रहे है, उसमें कितने CM उनके साथ हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक इस बात को साफ नही किया कि किन-किन राज्यों के CM उनकी मदद करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.