विधानमंडल का मानसून सत्र 24 जून से, करीब नौ साल बाद दिखेगा बदला राजनीतिक माहौल

पटना। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र की शुरुआत 24 जून से होने जा रही है। यह सत्र बेहद संक्षिप्‍त होगा जो 30 जून तक चलेगा। एक हफ्ते तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी। सत्र की अवधि बहुत छोटी है, लेकिन इस दौरान सदन में कई महत्वपूर्ण काम होंगे। सबसे दिलचस्‍प बात यह है कि सत्र में राजनीतिक हालात काफी हद तक बदले नजर आएंगे। इनमें कुछ-कुछ नौ साल पहले की झलक देखने को मिल सकती है।

मानसून सत्र के दौरान विधानसभा और विधान परिषद की बैठकें होंगी। 24 जून को शुक्रवार है। पहले दिन ही चालू वित्तीय वर्ष का प्रथम अनुपूरक बजट भी पेश होगा। अगले दो दिन शनिवार एवं रविवार होने के चलते बैठक नहीं होगी। फिर 27 से 30 जून तक सदन चलेगा।

इस दौरान सदन में कई विधेयक पेश होंगे। कई वित्तीय कार्य निपटाए जाएंगे और गैर सरकारी संकल्प भी लिए जाएंगे। छोटे सत्र के बावजूद दोनों पक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आमने-सामने नजर आएंगे।

मानसून सत्र में सत्‍ता पक्ष और विपक्ष के दलों के बीच का रिश्‍ता काफी बदला-बदला सा दिख सकता है। राजद की ओर से अकेला छोड़े जाने के बाद बिहार में कांग्रेस का व्‍यवहार मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति बदला सा दिख सकता है। अब कांग्रेस, राजद के पीछे-पीछे नीतीश सरकार का विरोध नहीं करेगी।

खुद राजद के व्‍यवहार में भी परिवर्तन दिख सकता है, जिसकी हल्‍की झलक पहले ही देखने को मिल रही है। राजद अब जदयू पर कम, भाजपा पर अधिक हमलावर है। जाति आधारित गणना पर सरकार के फैसले के दौरान भी यह चीज देखने को मिली है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.