दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मां को बेटे के किए की सजा भुगतनी पड़ी। महिला के बेटे पर रामनवमी के दिन एक शख्स को चाकू मारने का आरोप है। बताया जाता है कि चाकूबाजी की घटना के बाद से ही आरोपी युवक फरार है। इस बीच स्थानीय लोगों को आरोपी की मां मिल गई। इसके बाद लोगों ने बेटे के किए की सजा मां को देने का फैसला कर लिया। फिर क्या था, आनन-फानन में लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उनको बिजली के खंभे से बांध दिया। सरेआम उनका अपमान किया गया। इस घटना की चहुंओर चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, चाकूबाजी के आरोपी बेटे की करतूत से आक्रोशित लोगों ने बर्बर कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोगों ने आरोपी के मां को बिजली के खम्भे से बांध दिया। मामला दरभंगा ज़िले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के तहत आने वाले चूनाभट्ठी मोहल्ले की है, जहां रेखा देवी नाम की एक महिला को कुछ लोगों ने पकड़ कर लिया। इसके बाद उनके हाथ बांधे और फिर रेखा देवी को रस्सी की मदद से बिजली के खंभे में बांध दिया। रामनवमी के दिन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरभंगा टावर के पास चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें एक युवक गणेश साह बुरी तरह से घायल हो गया था।

आरोप है कि चाकू मारनेवाला लड़का गोलू साह पोल में बंधी महिला रेखा देवी का बेटा है जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। दरभंगा के नगर थाना में गोलू के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज़ है।


आपसी विवाद को लेकर 10 अप्रैल 2022 को रामनवमी जुलूस के दौरान नगर थानाक्षेत्र के दरभंगा टावर के पास चूनाभट्ठी निवासी गणेश साह को चाकू से गोद दिया गया था। इस मामले में पड़ोसी सुभाष उर्फ गोलू, उनके पिता श्याम साह, मां रेखा देवी, भाई विशाल साह सहित 5 लोगों को आरोपित किया गया था। इस मामले में तीन आरोपितों को जमानत मिल गई, जबकि दो अब भी फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पक्ष ने मुख्य आरोपी सुभाष की मां रेखा देवी को पकड़ लिया और उन्हें बिजली के खंभे से बांध दिया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा ने बताया कि कानून को हाथ में लेने वालों को चिन्हित किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गणेश साह की पत्नी ममता देवी ने पूरी घटना की पुष्टि करते हुए कहा की उन्होंने आरोपी गोलू की मां रेखा देवी को जाते हुए देखा, तब उन्हें पकड़ लिया ताकि गोलू का पता लगाया जा सके। ममता देवी ने बताया की गोलू ने ही रामनवमी के दिन उनके पति पर कई बार चाक़ू से हमला कर उनका पेट फाड़ दिया था। उसके बाद से पुलिस ने गोलू को गिरफ्तार नहीं किया।