बिहार में पुरुषों से 9 महीने ज्यादा जीती हैं महिलाएं:देश में ढाई साल ज्यादा जी रहीं; दिल्ली के मुकाबले यहां उम्र 6.7 साल कम

बिहार में महिलाएं पुरुषों से 9 महीने ज्यादा जीती हैं। हालांकि यह अंतर देश की तुलना में कम है। बिहार के मुकाबले देश में महिलाएं पुरुष से औसतन ढाई साल ज्यादा जीती हैं। औसत आयु के मामले में बिहार पीछे है। यहां के लोगों की औसत आयु देश के औसत से 6 महीने कम है। दिल्ली के मुकाबले बिहार के लोग औसतन 6.7 साल कम जीते हैं।

जन्म के समय बिहार के लोगों की लाइफ एक्सपेक्टेंसी 69.2 साल है, जबकि देश के लोगों की 69.7 साल है। रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया कार्यालय के सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम की ओर से जारी लाइफ टेबल रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है।

लाइफ एक्सपेक्टेंसी का अनुमान सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (एसआरएस) के माध्यम से अनुमानित मृत्यु दर पर आधारित है। बिहार में महिला और पुरुषों की आयु में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। 2015-19 के पीरियड में जन्म के समय महिलाओं की औसत आयु 69.6 साल है, जबकि पुरुषों की आयु 68.8 साल है। यानी बिहार में महिलाएं पुरुषों से 9 महीने ज्यादा जी रही हैं। देश का औसत देखें तो महिलाएं पुरुषों से ढाई साल से अधिक जीती हैं। देश में महिलाओं की औसत आयु 71.1 साल है जबकि पुरुषों की आयु 68.4 साल है।

सबसे ज्यादा दिल्ली के लोग जी रहे

एसआरएस की ओर से 2015-19 के लिए ये आंकड़े जारी किए गए हैं, यानी कोरोना से ठीक पहले के आंकड़ों के आधार पर विश्लेषण है। सबसे अधिक दिल्ली के लोगों की आयु है, 75.9 साल। जबकि बिहार सहित 8 राज्यों का औसत देश से कम है। इसमें झारखंड, राजस्थान, असम, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ शामिल है।

हालांकि 2014-18 तथा 2015-19, इन दोनों पीरियडों की तुलना करें तो देश के लोगों की औसत आयु 110 दिन बढ़ी है, जबकि बिहार के लोगों की आयु में 37 दिन की वृद्धि हुई है। बिहार में 2014-18 में जन्म के समय लाइफ एक्सपेक्टेंसी 69.1 साल थी, जो 2015-19 में बढ़कर 69.2 साल हो गई है।

2014-18 में बिहार के लोगों की आयु 69.1 साल थी, 2015-19 में 69.2 हुई

देश के लोगों की औसत आयु 2014-18 में 69.4 साल थी, जो 2015-19 में बढ़कर 69.7 साल हो गई है। यानी 0.3 साल(110 दिन) की वृद्धि हुई है। जन्म के समय लाइफ एक्सपेक्टेंसी वह उम्र है जितने साल तक वह व्यक्ति जी सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.