सीवान में नवविवाहिता के सुसाइड मामले में नया मोड़ आया है। मौत के 7 दिन बाद एक वीडियो सामने आया है। जो उसने फांसी लगाने के ठीक पहले बनाया था। वीडियो में महिला बोल रही है कि पंडित जी आपकी गलती नहीं है। आप अच्छे हैं। आपके परिवार वाले मुझे दहेज के लिए परेशान करते थे। मैं जा रही हूं आप अपना ध्यान रखना। खाना टाइम से खाना। और किसी बात की टेंशन मत लेना।


मामला नौतन थाना क्षेत्र के मराछी गांव का है। 1 जून को चंदन मिश्रा की पत्नी निकू कुमारी की फंदे से लटकी लाश मिली थी। इसके बाद ससुराल वालों ने पुलिस केस से बचने के डर से गांव के ही श्मशान घाट में शव को जला दिया था।

घटना के 7 दिन बाद महिला का वीडियो सामने आया है। जिसमें वो पति को सलाह दे रही है। वो अपने पति को बेकसूर बता रही है, जबकि ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही है।

निकू की मां ने दहेज प्रताड़ना के चलते हत्या का केस दर्ज कराया था
निकू की मां ने किरण देवी ने नौतन थाने में मृतका के ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के चलते हत्या का केस दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि मैंने अपनी बेटी निकू कुमारी की शादी 2020 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ नौतन थाना क्षेत्र के मराछी गांव निवासी अयोध्या मिश्रा के बेटे चंदन कुमार के साथ की थी।

शादी के बाद से ही मेरी बेटी निकू कुमारी के ससुर अयोध्या मिश्रा,ननद गुड़िया कुमारी,पूजा कुमारी,पति चंदन मिश्रा दहेज में बाइक नहीं देने की वजह से प्रताड़ित कर रहे थे।

1 जून 2022 को फोन के माध्यम से उन्हें सूचना मिली की उनकी बेटी की मौत हो गई है जब वह उनके घर पहुंचे तो उनके पहुंचने से पहले ससुराल वालों ने मृतका के शव को जला दिया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में थाना कांड संख्या 125/22 दर्ज कर कार्रवाई कर रही थी।