वैशाली में प्यार से इनकार करने में 12वीं की छात्रा की एक युवक ने जान ले ली। घर में घुसकर गला दबाकर हत्या की है। छात्रा कंप्यूटर क्लास करने जाती थी, इस दौरान युवक उसके साथ छेड़छाड़ करता। चार दिन पहले ही छात्रा ने थाने में युवक के खिलाफ शिकायत की थी। इसी से गुस्साए युवक ने मार डाला।



घटना मंगलवार रात जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की है। बुधवार सुबह इसकी सूचना मिलते ही घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पिता उमेश महतो ने बताया कि उनकी 17 साल की बेटी सोनम कुमारी घर से कर्पूरी चौक पर कंप्यूटर कोर्स करने के लिए साइकिल से जाती थी।

मुजफ्फरपुर जिला के कुढ़नी मलकौनी निवासी जयमंगल महतो का बेटा अनिल कुमार रास्ते में छात्रा के साथ छेड़खानी किया करता था। अनिल की बहन का ससुराल छात्रा के घर के समीप है। वह लड़की से प्यार और शादी करने का दबाव बनाया करता था। छात्रा ने इससे इनकार किया था। अनिल ने कुछ दिन पहले ही जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पिता के मुताबिक उन्होंने अनिल कुमार के खिलाफ चार दिन पूर्व गोरौल थाना में लिखित आवेदन भी दिया था। पिता ने अनिल कुमार समेत चार लोगों को नामजद करते हुए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।

कहा है कि रात में वह मिट्टी का दीवार काटकर घर में घुस गया और गला दबा कर बेटी को मार डाला। फिलहाल वह फरार है। गोरौल पुलिस ने फिलहाल शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है।
