मुजफ्फरपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न इलाकों में नो इंट्री लागू है। इसके मुताबिक सुबह आठ से लेकर रात के नौ बजे तक नो इंट्री वाले इलाकों में बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक है, लेकिन यहां डीएम के आदेश को भी ताक पर रख दिया गया है। यातायात पुलिस की मिलीभगत से नो इंट्री में भी धड़ल्ले से ट्रैक्टर का परिचालन हो रहा है।

शहरवासियों ने कई बार इसकी शिकायत यातायात पुलिस से की, लेकिन वरीय अधिकारियों द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। मिठनपुरा, अघोरिया बाजार और रामदयालु समेत कई इलाकों में मिट्टी, बालू व गिट्टी लदे ट्रैक्टर का परिचालन होता है। इससे यहां अक्सर ट्रैफिक जाम हो जाता है। हादसे का भी खतरा है।
फिर भी चौराहे पर तैनात जवान ट्रैक्टर को पडऩे की कोशिश नहीं करते। पूर्व में मिठनपुरा व अघोरिया बाजार में ट्रैक्टर की चपेट में आने से लोगों की जान भी जा चुकी है। हंगामे के बाद कुछ दिनों तक रोक लगाया गया। अब फिर पहले की तरह बड़े वाहनों का परिचालन हो रहा है।
ट्रैफिक डीएसपी रवींद्रनाथ सिंह का कहना है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश का पालन कराया जा रहा है। नो इंट्री के समय अगर ट्रैक्टर का परिचालन हो रहा है तो इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
