बेंगलुरु में भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली की बेटी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें वो पुलिस और मीडियाकर्मी को गाली देते नजर आ रही है।

दरअसल, विधायक की बेटी अपनी BMW कार से राजभवन के पास से गुजर रही थी। रेड लाइट होने पर भी उन्होंने कार नहीं रोका। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया। इस बात से नाराज विधायक की बेटी पुलिसकर्मी पर भड़क गई और गाली-गलौच करने लगी। हालांकि इस बात के लिए विधायक लिंबावली ने अपनी बेटी की तरफ से माफी मांग ली है।

विधायक की बेटी ने बताई अपनी पहचान
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में महिला बोल रही है कि क्या आप जानते हैं कि मैं कौन हूं? क्या आप विधायक अरविंद लिंबावली को जानते हैं? मैं अरविंद लिंबावली की बेटी हूं।

आप मुझ पर ओवरटेक करने का मामला नहीं डाल सकते। यह एक विधायक की कार है। जब पुलिसकर्मी ने चालान के पैसे मांगे तो उन्होंने कहा कि मेरे पास अभी पैसे नहीं हैं और किसी को मेरे घर भेज दें। मैं जुर्माना भर दूंगी।

इसके अलावा मीडिया से भी बदतमीजी करते नजर आईं। जब मीडिया वालों ने कैमरा बंद नहीं किया तो उन्होंने तेज से चिल्लाकर बोलीं कि कैमरा बंद करो और पूछा तुम कहां से हो?

BJP विधायक ने माफी मांगी
मामले को तूल पकड़ता देख भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली ने माफी मांगी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर मेरी बेटी के बर्ताव से किसी को बुरा लगा हो तो मैं माफी मांगता हूं। विधायक ने कहा कि मैंने वीडियो देखी है। मेरी बेटी ने मीडिया के लोगों को ‘सर’ कहकर संबोधित किया। अगर मीडिया को ठेस पहुंची है तो मैं अपनी बेटी की ओर से उनसे भी माफी मांगता हूं।

विधायक की बेटी को कानून सीखने की जरूरत: जेडीएस
जनता दल सेक्युलर (JDS) के प्रवक्ता तनवीर अहमद ने विधायक की बेटी को कानून सीखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के दिमाग में सत्ता चली गई है। यह अरविंद लिंबावली का सवाल नहीं है। यह पूरे भारत में हो रहा है। नेताओं के बच्चों को समझना चाहिए कि उनके माता-पिता जनता के सेवक है।