पटना। बिहार में तालाब मात्स्यिकी के माध्यम से मत्स्य (मछली) का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से मछली पालन को लेकर लोगों के बीच जागृति बढ़़ी है। इस पहल से निजी क्षेत्र के तालाबों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।

उपमुख्यमंत्री व पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं अन्य कारणों से तालाबों में गाद भराव और बांध की क्षति से मत्स्य उत्पादकता एवं उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

इसे ध्यान में रखते हुए चालू वित्तीय वर्ष यानी 2022-23 में लगभग तीन करोड़ की लागत से निजी क्षेत्र के तालाबों के जीर्णोद्धार योजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-2 के अंतर्गत आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों के प्रसार और मछली के उत्पादन को बढ़ाने के उद्देश्य से इस योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में इस योजना के अंतर्गत 150 हेक्टेयर निजी तालाबों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा गया है, जिसपर 301 लाख रुपये अनुदान स्वरूप खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि निजी तालाबों के जीर्णोद्धार हेतु अन्य वर्गों
को 30 प्रतिशत अनुदान तथा अति पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति को 40 प्रतिशत अनुदान देय होगा। योजना के अंतर्गत अनुदान दो किस्तों में दिया जाएगा।
