मुजफ्फरपुर : अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन का मिला मौका, जानें विस्तार से…

मुजफ्फरपुर। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में अब बीसी-1 व बीसी-2 के अभ्यर्थियों को मास्टर डिग्री के अंक में पांच प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है कुलसचिव प्रो.आरके ठाकुर ने पत्र जारी कर बताया कि कुलपति के आदेश से बिहार राज्य के निवासी संबंधित कोटि के अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका दिया गया है। जो उम्मीदवार तकनीकी त्रुटि के कारण पूर्व में आवेदन नहीं कर सके, वे आवेदन कर सकते हैं।

इसके लिए दो शर्त निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थी ने पिछले विज्ञापन की तिथि से पूर्व नेट परीक्षा उत्तीर्ण की हो या पीएचडी की डिग्री एक नवंबर 2021 से पहले ली हो। 15 जून को विश्वविद्यालय का पोर्टल खुलेगा।

वहीं 21 जून को संध्या चार बजे तक अभ्यर्थी आवेदन कर पाएंगे। 28 जून तक कुलसचिव के कार्यालय में इस आवेदन की हार्ड कापी जमा करानी है। अन्य सभी अहर्ताएं पूर्व के विज्ञापन के अनुसार ही हैं।

छह महीने से अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने दोपहर में कुलपति प्रो.हनुमान प्रसाद पांडेय के आवास के बाहर नाराजगी जताई। अभ्यर्थी कुलपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया। इसपर अभ्यर्थियों ने मोबाइल से कुलपति से बात की।

कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण उनके भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। इतने लंबे समय से नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। अब फिर से पोर्टल खोलने का कोई औचित्य नहीं है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी। कहा कि अब आंदोलन ही विकल्प रह गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.