समस्तीपुर से पैसेंजर से कटिहार आ रही महिला पुलिसकर्मी आरती कुमारी को झपट्टा मार गिरोह के सदस्यों ने अपना शिकार बनाया।

अपराधी उनके पास रखे मोबाइल व पर्स लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं पुलिस कर्मी ने विरोध किया तो अपराधियों ने गौशाला के पास रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन से उसे धकेल दिया। इससे उसे गहरी चोटें आई हैं। घटना मंगलवार की देर रात्रि की है।

राहगीरों द्वारा ट्रैक पर पड़ी महिला सिपाही आरती देवी को सदर अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें गंभीर अवस्था में बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

अपराधियों द्वारा चलती ट्रेन में ट्रैक पर फेंके जाने से महिला सिपाही आरती कुमारी की जान तो बच गई, लेकिन उनके सिर और पैर में गहरी चोट आई है।

डॉक्टरों ने बताया कि उनके दाहिने पैर की हड्डी टूट गई है। वहीं, महिला सिपाही आरती कुमारी ने अपने साथ घटित घटना की आपबीती सुनाई। घायल महिला सिपाही आरती कुमारी कटिहार नगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गोरी टोला वार्ड नंबर 33 की निवासी हैं।

वह नवादा जिला बल में कार्यरत हैं। ड्यूटी के बाद छुट्टी लेकर अपने घर कटिहार लौट रही थी। लेकिन कटिहार स्टेशन पहुंचने से पूर्व गौशाला गुमटी के पास अपराधियों का शिकार बन गई।
