बिहार : खगड़िया के मानसी थानान्तर्गत सरसावा पंचायत के न्यू बंगलिया गांव में पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने 55 वर्षीय नंदलाल भगत का अपहरण कर लिया। घटना बुधवार तड़के दो बजे की बतायी जा रही है।

पुलिस की वर्दी में चार से पांच की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने घर आकर आवाज लगाई। आवाज सुनकर नंदलाल भगत की पत्नी गीता देवी बाहर आई तो देखा कि पुलिस की वर्दी में कुछ लोग है।

इसके बाद नंदलाल भगत बाहर आया तो सभी बदमाश खींचते हुए धमारा घाट रेलवे स्टेशन की ओर ले जाने लगे। पति को इस तरह घसीटते देख पत्नी ने शोर मचाया। शोर सुनकर लोग घर से बाहर निकले। लेकिन तब तक बदमाश नंदलाल को लेकर भाग चुके थे।

लोगों ने समझाया कि हो सकता है पुलिस वाले ही हों। सुबह का इंतजार करे को कहा। परिजन सुबह का इंतजार करने लगे। सुबह परिजन मानसी थाना पहुंचे। पुलिस ने कहा कि किसी भी अधिकारी द्वारा गिरफ्तारी बंगलिया गांव से नहीं की गई है।

पत्नी ने कहा कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। फिर भी बदमाश उसके पति को पकड़कर क्यों ले गया? वहीं आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि पहले से जमीन का विवाद चल रहा है। मानसी थानाध्यक्ष नीलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से छानबीन की जा रही है।

