छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक पत्नी द्वारा पति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के अजायबगंज वार्ड नंबर एक का है। मृतक का शव घर में पंखे से लटका बरामद किया गया।

मृतक के परिजनों ने पत्नी और उसके एक प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान छपरा शहर के अजायबगंज वार्ड नंबर 1 निवासी संतोष दास (29 वर्ष) पिता राजाराम दास के रूप में बताया जा रहा है।

मृतक का विवाह 23 अप्रैल को थावे मंदिर में धूमधाम से हुआ था। शादी के महज डेढ़ महीने बाद ही हत्या कर दी। मौत के बाद पत्नी घर में तालाबंद कर फरार हो गई है। वह पडोसी जिला गोपालगंज के दिघवा दुबौली करतालपुर के लालबाबू दास की बेटी सिमरन कुमारी (23 वर्ष) है।

हत्या के बाद तालाबंद कर सामान लेकर हो गई फरार
घटना के बारे में मृतक के भाई ने बताया कि विवाह के बाद महिला को मोबाइल पर बात करते हुए देख कई बार शक हुआ। मंगलवार को आरोपी ने एक युवक को अपना रिश्तेदार बता घर पर बुलाया।

बीती रात पड़ोस में शादी होने के चलते सभी लोग उधर व्यस्त थे। उसी दौरान आरोपी पत्नी ने युवक के साथ मिलकर संतोष की हत्या कर शव को पंखे से टांग दिया। हत्या के बाद वह घर में बाहर से ताला लगा महंगे सामान लेकर फरार हो गई।

फ़िलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच में जुट गई है। मृतक के परिजनों द्वारा मृतक के पत्नी सहित अज्ञात प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।
