बगहा। सुबह जब किसी की आंख खुले और वह देखे कि उसके बिस्तर पर जहरीला कोबरा बैठा है तो उसकी स्थिति की केवल कल्पना ही की जा सकती है। वाल्मीकिनगर निवासी सुनील के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस कमरे में वे सो रहे हैं उसमें जहरीला कोबरा भी आराम फरमा रहा है। सुबह जब उनकी आंख खुली तो उनके होश ही उड़ गए।
थाना क्षेत्र के वाल्मीकिनगर स्थित न्यू आइबी कालोनी निवासी सुनील मंगलवार की रात मच्छरदानी लगाकर सोये थे। सुबह के वक्त जब उनकी आंखें खुलीं तो अपने बिछावन पर विषधर कोबरा को देखा।
भय के कारण उसकी सांसें थमने लगीं। समझ में नहीं आया कि करें क्या? घबराहट में वे बिछावन से कूद गए। उसके बाद शोर मचाने लगे। उनकी चीख पुकार सुनने के बाद स्वजन भी जग गए। उन्होंने सुनील से पूरी बात सुनी और सभी उस जगह पर आए। कमरे में झांक कर देखा तो सांप खिड़की के रास्ते बाहर निकल रहा था।
सुनील ने बताया कि रात में मैं मच्छरदानी लगाकर सोया था। जाने कब सांप बिछावन में घुस गया, पता नहीं चला। जब कभी मैं यह सोचता हूं कि पूरी रात सांप के साथ सोया रहा। सिहरन होने लगती है। यकीन नहीं होता है कि मैं जिंदा बच गया हूं। उसके बाद से घर के लोग भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं।

