मुजफ्फरपुर। एक बार फिर योजना के साथ खिलवाड़ किया गया है। दरअसल जिले में अपात्रों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि का उठाव कर लिया है। ऐसे नौ हजार 400 किसानों की पहचान की गई है। उनसे राशि वसूली की कवायद चल रही है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की ओर से किसान सम्मान निधि लेने वालों की समीक्षा की गई।
इसमें यह बात सामने आई कि जो इस योजना के लिए पात्र नहीं थे वे भी लाभ ले रहे हैं। जिला कृषि पदाधिकारी शीलाजीत सिंह ने बताया कि अगर परिवार का कोई सदस्य टैक्स जमा करता है तो ऐसी स्थिति में आपको इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। आप भले ही छोटे या फिर सीमांत किसान हो।
यहां परिवार के सदस्य से मतलब पति-पत्नी और अव्यस्क बच्चों से है। इसके अलावा जिनके पास कृषि योग्य भूमि हो या नहीं, लेकिन इसका मालिक सरकारी कर्मचारी हो या फिर सालाना 10 हजार रुपये पेंशन प्राप्त होती है तो ऐसे किसानों को योजना से बाहर रखा गया है।

जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि जो लोग पहले से किसान सम्मान निधि ले रहे थे उनकी जांच कराई गई। इसके बाद यह मामला सामने आया है। अभी जिले में पांच हजार दो सौ अपात्र और चार हजार दो सौ इनकम टैक्स देने वाले शामिल है। वसूली के लिए कृषि समन्वयक व सलाहकार को नियमित भ्रमण करना है। राशि का उठाव करने वालों से इसे वापस लेना है।
जिला अनुश्रवण शिकायत समिति के सामने यह मामला आया। डीएम प्रणव कुमार ने भी सख्ती कर वसूली करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से तीन नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद राशि नहीं देते तो सर्टिफिकेट केस किया जाएगा। सरकारी खाता नंबर हर नोटिस में दिया जा रहा है। उस खाते में उनको राशि जमा करनी है। साथ ही इसकी जानकारी भी ऑनलाइन देनी है। राशि जमा करने के बाद इसकी जानकारी जिला कृषि कार्यालय में आकर देंगे।
