केंद्र सरकार से अग्निपथ स्कीम को वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को खगड़िया में युवाओं ने रेल और सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

खगड़िया रेलवे स्टेशन पर टाटा-कटिहार एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन को बाधित कर रखा गया है। वहीं एनएच 31 मानसी के पांच किलोमीटर के पास सड़क को जाम कर दिया गया।

खगड़िया में डाउन टाटा लिंक ट्रेन को 10:30 बजे से रोककर रखा गया। आक्रोशित युवाओं ने रेलवे लाइन जाम रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस कारण जमालपुर-खगडिया मेमू ट्रेन उमेशनगर में खड़ी रही। समस्तीपुर-सहरसा ट्रेन इमली, समस्तीपुर -कटिहार पैसेंजर लखमिनिया में फंस गई।

सहरसा में जाम से सुबह 7 बजे से इस रूट से एक भी ट्रेन खगड़िया नहीं आई। एनएच 31 पर जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोग वाहन से उतरकर पैदल सफर करने के लिए मजबूर दिखे।

वहीं, अभ्यर्थी तिरंगा झंडा अपने हाथों में लेकर अग्निपथ स्कीम को वापस लेने की मांग करते हुए नजर आए।

