बक्सर। शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की का यौन शोषण तो किया ही, उसकी जिंदगी बर्बाद करने के लिए युवक ने एक आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल कर दिया। पीड़िता ने इस आशय की शिकायत पुलिस से की। महिला थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। महिला थाने की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एफआइआर के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई। फिर कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया गया। पीड़िता भोजपुर जिले में रहती थी।

मामला सिकरौल थाना क्षेत्र के एक गांव का है। वहां की किशोरी भोजपुर जिला के पीरो में रहती थी। जीविकोपार्जन के लिए कुछ काम करती थी। इसी दौरान वह किसी तरह बगेन गोला निवासी गजानंद ठाकुर के संपर्क में आ गई। धीरे-धीरे उससे नजदीकी बढ़ी तो वह प्यार की बात करने लगा।
इसके बाद शादी का झांसा देना शुरू किया। वह उसकी बातों में आ गई। इसके बाद उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद तो सिलसिला चल पड़ा। कई बार उसने उसके साथ संबंध बनाया। वह उसका यौन शोषण करता रहा। इसी दौरान उसने किशोरी के साथ अंतरंग पलों का वीडियो भी बना लिया था।
लड़की ने आरोप लगाया है कि जब उसने शादी के लिए कहा तो उसने टाल दिया। दबाव बनाने पर वह न केवल शादी से मुकर गया बल्कि उसने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर वह सन्न रह गई।
तब उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित गजानंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया जाता है कि आरोपित गजानंद ठाकुर शादीशुदा है। पुलिस को वायरल वीडियो भी मिल गया है।
