बिहार में प्रारंभिक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (बीटेट) जारी रहेगी। अगले (सातवें) चरण की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसका आयोजन होगा। बुधवार को शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (बीटेट) बंद कराने या नहीं कराने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।


उन्होंने कहा है कि वर्तमान में प्रावधान के मुताबिक शिक्षक नियुक्ति के लिए सीटेट और बीटेट दोनों में से किसी परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र अभ्यर्थी बनने के पात्र हो जाते हैं। फिर ये नियुक्ति के लिए आवेदन देते हैं।

वर्तमान में रिक्तियों के आधार पर पूर्व में हुई इन दोनों तरह की परीक्षाओं में उत्तीर्ण छात्र संतोषजनक संख्या में पहले से उपलब्ध हैं। साथ ही सरकार छठे चरण की नियुक्ति को तत्काल पूरा कर सातवें चरण की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करना चाहती है।

राज्य सरकार के द्वारा पात्रती परीक्षा अभी आयोजित करने से अगले चरण की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रभावित होगी और उसमें और विलंब होगा। इसी कारण ही शिक्षा विभाग ने अभी इस परीक्षा को स्थगित रखने का फैसला किया है।

पूर्व की परीक्षाओं में उत्तीर्ण छात्र भी अगले चरण की नियुक्ति प्रक्रिया अविलंब प्रारंभ करने की मांग कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में यह निर्णय लिया गया है कि अगले चरण की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के बाद उपलब्ध रिक्तियों एवं पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों की संख्या की समीक्षा कर राज्य सरकार आवश्यकतानुसार पात्रता परीक्षा आयोजित करेगी। अत: भविष्य में बिहार शिक्षक पात्रता परीक्षा पर रोक की कोई बात नहीं है।
