अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को सैन्य अभ्यर्थियों ने जमकर बवाल किया। सासाराम में उपद्रवियों ने शिवसागर थाने के एक जवान दीपक कुमार सिंह के पैर में गोली मार दी।

वहीं शिवसागर के थानेदार सुशांत कुमार मंडल का पैर टूट गया। फिलहाल दोनों की स्थिति सामान्य बनी हुई है और अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार आंदोलित प्रदर्शनकारियों ने दोपहर बाद करीब दो बजे रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगी कुर्सियों, डिस्पले लाइट को उखाड़कर पटरियों पर फेंक दिया। प्रदर्शनकारी जीआरपी थाना पर हमला बोल दिए। थाना में रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरपीएफ के सीसीटीवी कंट्रोल रुम में जाकर मशीन उखाड़ दिए।

इसके बाद तोड़फोड़ करते हुए उपद्रवी बाहर निकले। उपद्रवियों ने करीब आधे घंटे रेलवे स्टेशन पर उत्पात मचाते रहे। आधे घंटे के उत्पात में लाखों के समान समेत कई जरुरी कागजात को भी बर्बाद कर दिया हैं।


प्रदर्शनकारियों के विरोध-प्रदर्शन के आगे पुलिस-प्रशासन बौना साबित हुई। सुरक्षा में तैनात जवान को भी प्रर्दशनकारियों के तीव्र विरोध के कारण पीछे हटना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद उपद्रवी भाग खड़े हुए।
