कैसे महानंदा में समा गए 20 से अधिक मकान, क्यों तोड़ना पड़ रहा हैं घर, जानें विस्तार से….

पूर्णिया : एक बार फिर बाढ़ ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। महानंदा में भीषण कटाव जारी रहने के कारण 20 से अधिक घर नदी में विलीन हो चुके है। वहीं दर्जनों परिवार कटाव को देखते हुए न चाहते हुए भी हाथों से घर को तोड़ने को मजबूर है। गुरुवार की देर रात से शुरू हुए भीषण कटाव का कहर जारी है। शनिवार को प्रखंड प्रमुख शमीम अख्तर ऊर्फ लालबाबू, राजस्व अधिकारी आकाशदीप सिन्हा ने संयुक्त रूप से कटाव स्थल का निरीक्षण कर कटाव प्रभावित परिवारों से बातचीत की। मौके पर मौजूद प्रखण्ड प्रमुख सहित जिला परिषद सदस्य असरारुल हक एवं पंचायत मुखिया प्रतिनिधि मो. हासीम ने हो रहे नदी कटाव को लेकर विभाग व प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर काम देर करती है जिसका कोई फायदा लोगों को नहीं मिलता है। इसके कारण कभी-कभी लोगों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है।

इस बार भी प्रशासन व संबंधित विभाग की सुस्ती के कारण दर्जनों परिवार भीषण कटाव से प्रभावित हो रहे है। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते एक माह पूर्व ही नदी कटाव निरोधक कार्य पूरा कर लिया जाता तो आज स्थिति इतनी भयावह नहीं होती। आज जो स्थिति है उससे तो यही लगता है कि इस बार शर्माटोली का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने अंचल प्रशासन से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी कटाव से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय में आश्रय देने व उसके खाने पीने आदि की समुचित व्यवस्था की की है। महानंदा नदी के किनारे बसे कंफलिया पंचायत के शर्माटोली में गुरुवार की देर रात से शुरू हुए कटाव की जद में छह से अधिक परिवारों के घर नदी में विलीन हो चुके हैं। इस नदी कटाव में पंचायत समिति सदस्या किरण कुमारी के तीन घरों के साथ-साथ छह परिवारों के 20 से अधिक घर नदी में विलीन हो गए हैं।

शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे कटाव इनके घरों तक पहुंच गया। आनन फानन में घरों ने सामानों को तो निकाल लिया पर घर नहीं बचा सके। कटाव इतना तेज है जिसे देखकर अब लोग न चाहते हुए अपने बचे घर को तोड़ रहे हैं। इनमे से कुछ तो आसपास रिश्तेदारों के यहां तो कुछ पास के प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर में आश्रय लिए हुए हैं। उन्होंने अंचल प्रशासन का ध्यान दिलाते जल्द से जल्द इस दिशा में कटाव प्रभावित परिवारों के लिए सरकारी स्तर पर सहायता की मांग की है।

शनिवार को कटाव स्थल पर प्रखण्ड प्रमुख के साथ पहुंचे राजस्व अधिकारी आकाशदीप सिन्हा ने कटाव प्रभावित परिवारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रशासन नदी कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। इस निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कटाव प्रभावित परिवारों के सूची तैयार की है। उन्हें सरकारी स्तर पर हरसंभव मदद दी जाएगी। कई दिनों से हो रही बारिश से अररिया जिले के सिकटी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है एवं नीचले इलाकों में पानी प्रवेश कर गया। वहीं परमान नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि हुई है। परमान नदी अनुमंडल क्षेत्र में खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है हालांकि शनिवार की शाम 6:00 बजे से जलस्तर में कमी शुरू हो गई है। महानंदा एवं कनकई नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। जिससे क्षेत्र में बायसी अनुमंडल क्षेत्र के नीचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.