बिहार की दरभंगा में 7 और 9 साल के सगे भाई बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना बिरौल थाना इलाके के नेऊरी गांव की है। मंगलवार को दोनों गांव के तालाब में नहाने गए थे।

घटने से पूरे गांव में मातम छा गया है जबकि बच्चों के परिवार में चीख पुकार मची है। बिरौल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक बच्चों के परिजन के लिए मुआवजे की मांग की गयी है। दोनों की पहचान ग्रामीण रमन जी खां की बेटी राधा और पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को दोनों बच्चे तालाब पर गए थे। बताया जाता है कि दोनों भाई-बहन अन्य बच्चों के साथ दोपहर करीब एक बजे नहाने के लिए गांव स्थित महादेव पोखर में गए थे।

नहाने के दौरान छोटा भाई सत्यम कुमार गहरे पानी में चला गया। सत्यम अचानक डूबने लगा। भाई को डूबते देख उसकी बड़ी बहन राधा कुमारी ने उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ी। एक दूसरे को बचाने में दोनों भाई-बहन डूब गए।

घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। मृतक के पिता रमन जी खां दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

लोगों ने नाविक की मदद से बच्चों का शव तालाब से निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
