बिहार के बेतिया में एक प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या का मामला सामने आया है। युवती के दुपट्टे का फंदा उसके गले में डालकर हत्या की गई है। घटना गौनाहा थाना क्षेत्र के मंझरिया पंचायत के एक गांव की है। शुक्रवार की अर्द्ध रात्रि मे एक युवती की मौत को लेकर गांव मे अटकलो का बाजार गर्म है।

घटना के सम्बन्ध मे बताया गया है कि एक ग्रामीण की बेटी, (18 साल) अपने घर मे सोई हुई थी। रात में ही उसका प्रेमी विशाल कुमार यादव खिड़की के रास्ते घर मे घुस गया। विशाल ने उसके साथ दुर्व्यवहार करने के बाद उसकी हत्या दुपट्टा से गले मे फंदा लगाकर कर दी।

मृतका के परिजन समेत कई लोगों ने बताया कि विशाल कुमार यादव अपनी पत्नी की भी हत्या कर चुका है। 27 अप्रैल 2022 को अर्द्ध रात्रि मे अपनी पत्नी रीमा देवी (24) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पत्नी की जान मारने के बाद उसने अफवाह फैला दिया था कि रीमा देवी कि मौत सांप काटने से हो गई।

उस घटना को लेकर रीमा देवी के भाई अभिषेक यादव ने गौनाहा थाने मे विशाल यादव उसके पिता सुरेश यादव माता रीता देवी, लालती देवी तथा विपिन यादव पर दहेज के लिए हत्या आरोप लगाया है। लड़की के भाई का आरोप है कि 50 हजार रूपये तथा बाइक नही देने के कारण बहन कि हत्या ससुराल वालो द्वारा कर दी गयी।

उधर, मृत युवती की मां ने गौनाहा थाने मे आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। आवेदन मे युवती की मां ने कहा है कि विशाल कुमार यादव उसके पिता सुरेश यादव तथा माता रीता देवी द्वारा बेटी कि हत्या कर दी गयी है।

लड़की चार बहनो मे तीसरे नंबर पर थी तथा सभी बहनो के बाद दो छोटे छोटे भाई है। उसके पिता आगरा में रहकर दैनिक मजदूरी करते है। लड़की की शादी होने वाली थी। इसके लिए अप्रैल मे उसकी पुजाई हो गयी थी तथा फरवरी 2023 मे उसकी शादी होने वाली थी।

घटना की सुचना मिलते ही गौनाहा थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा, एसआई महेश प्रसाद, इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव तथा डीएसपी कुंदन कुमार दल बल के साथ पहुंचे। पुलिस प्रशासन व डीएसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से काम कर रही है।