पटना : आने वाले समय में यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो बिहार में भी फिल्मों की शूटिंग हो सकेगी। बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू चंद्रा इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। दिग्गज एक्ट्रेस ने इसकी प्लानिंग भी कर ली। उन्हें अब बस बिहार में फिल्म नीति का इंतजार है, ताकि वह अपना फिल्म प्रोजेक्ट शुरू कर सकें।

नीतू चंद्रा ने बताया कि वह बिहार में 2 फिल्मों की शूटिंग करना चाहती हैं। उन्होंने इसकी बकायदा प्लानिंग भी बना रखी है। बता दें कि नीतू चंद्रा हाल में ही बिहार आई थीं। इस दौरान वह राजधानी पटना के साथ ही राजगीर भी घूमीं।

हॉलीवुड फिल्मों तक बिहार का नाम रोशन करने वाली अभिनेत्री नीतू चंद्रा श्रीवास्तव जल्द ही अपने प्रदेश यानि बिहार में बॉलीवुड की 2 बड़ी फिल्में शूट करवाएंगी। नीतू चन्द्रा श्रीवास्तव ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। उन्हें अब बस बिहार में फ़िल्म पॉलिसी के लागू होने का इंतजार है।

अभिनेत्री नीतू चंद्रा फिल्म प्रोजेक्ट्स की तैयारी में लेकर जोर-शोर से जुटी हैं। उनका प्रयास है कि बिहार सरकार फ़िल्म नीति जल्द से जल्द लेकर आए, ताकि प्रदेश में भी सिनेमा की शूटिंग हो सके। साथ ही यहां के लोगों को भी एक्टिंग के अलावा रोजगार का मौका मिल सके।

नीतू चंद्रा का बिहार को लेकर सपना
नीतू चंद्रा का सपना रहा है कि बिहार में फ़िल्म उद्योग का विकास हो और यही वजह है कि वह अक्सर राज्य सरकार के साथ ही बिहार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और फ़िल्म निगम के संपर्क में रहती हैं। वह लगातार फ़िल्म नीति को बिहार में लागू करने का प्रयास करती रही हैं।

नीतू को जब भी फुर्सत मिलता है तो बिहार जरूर आती हैं। बिहार घूमने के बाद नीतू चंद्रा को लगा कि बिहार बदल चुका है और यहां भी क्यों न फ़िल्म बनाई जाए। उनका मानना है कि झारखंड और यूपी में फ़िल्म नीति आने के बाद वहां बॉलीवुड की फिल्मों की शूटिंग धड़ल्ले से हो रही है, तो फिर बिहार पीछे क्यों रहे?
