मुंबई हेलीकॉप्टर हादसे में मुजफ्फरपुर की कंपनी के जहाज ने बचाई चार की जान

मुजफ्फरपुर, अरब सागर में मुंबई के पास ओएनजीसी के हेलीकॉप्टर हादसे में मालवीय-16 शिप के कैप्टन और कर्मचारियों ने चार लोगों की जान बचाई है। मालवीय-16 शिप के मालिक राजेश शाही औराई के शाही मीनापुर गांव निवासी हैं। बचाव कार्य को लेकर ओएनजीसी की ओर से सराहना की गई है।

राजेश शाही ने बताया कि उनका जहाज तीन साल के लिए ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) से बीते मई माह में जुड़ा है। दिन के 11:45 बजे अरब सागर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। हेलीकॉप्टर में दो पायलेट के अलावा अन्य सात लोग सवार थे।

समुद्र में जहां हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हुई, उसके करीब ही राजेश शाही की जहाज थी। जहाज के कैप्टन नरेंद्र सिंह ने मोटर बोट से रेस्क्यू टीम को रवाना किया।

काफी खराब मौसम होने के बाद भी मोटर बोट से पहुंचे जहाज के कर्मचारियों ने चार लोगों को बचा लिया। दूसरी ओर से नेवी की टीम भी पहुंच गई थी।

नेवी की टीम ने पांच लोगों को निकाला। राजेश शाही ने बताया कि नेवी की टीम ने पांच लोगों को निकाला जिसमें चार की मौत हो गई। राजेश शाही लंबे समय से शिप व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्हें नई दिल्ली में 2022 का उद्योग रत्न अवार्ड भी मिला है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.