नालंदा में प्यार में पागल एक युवक की लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। दरअसल, लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी। मंगलवार की रात को बारात आई थी। यह जानते ही उसका प्रेमी मुकेश कुमार लड़की के घ र पहुंच गया। जयमाला के दौरान स्टेज पर चढ़ गया। शादी रोकने के लिए लड़की की मांग में सिंदूर भरने लगा। इस दौरान लड़की के घर वालों ने उसे पकड़ लिया। फिर बेरहमी से पीटा।

एक साल से चल रहा था अफेयर
पूरा मामला हरनौत थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। प्रेमी मुकेश पिछले एक साल से गांव के ही एक लड़की से प्यार करता था। इस बात की जानकारी लड़की के घरवालों को हुई। उन्होंने लड़की की शादी तय कर दी। मंगलवार की शाम लड़की की बारात आई थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। अचानक जयमाला के दौरान प्रेमी मुकेश ने हंगामा बरपा दिया। लड़की के घर वालों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए उसे अधमरा कर दिया।

प्रेमिका ने ही बुलाया था
प्रेमी मुकेश ने बताया कि गांव के ही एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने मरने की कसम खा रखी थी। इसके बावजूद लड़की के परिजनों ने उसकी प्रेमिका की जबरन दूसरी जगह शादी करा दी।

उसकी प्रेमिका ने उससे कहा था कि जब उसकी शादी होने लगेगी तो वह जयमाला के वक्त आकर उसकी मांग में सिंदूर भर देगा। हालांकि, युवक की इस हरकत को लड़की के घर वाले भांप गए। फिर सिंदूर देने से पहले ही युवक की जमकर धुनाई कर दी गई।

जख्मी हालत में फिलहाल युवक का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। यहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। हरनौत थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि वरमाला के वक्त एक लड़के की ओर से लड़की को सिंदूर देने का प्रयास किया गया था, जिसमें युवक को बुरी तरह से पीटा गया है। दोनों तरफ से आवेदन मिला है। पुलिस जांच में जुट गई है।

