मंत्री का कुर्ता गंदा न हो इसलिए बिछाई बोरियां: कीचड़ में रुकी संजय निषाद की फॉरच्यूनर

उत्तर प्रदेश : सामान्य तौर पर VVIP के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाया जाता है, लेकिन गाजियाबाद में मंत्री संजय निषाद के लिए बोरियां बिछाई गईं। खासतौर पर दो कर्मचारी इस काम के लिए तैनात किए गए। दरअसल, रास्ते में फैली कीचड़ से मंत्री को बचाने के लिए ऐसा किया गया था।

गाजियाबाद की इस तस्वीर में देख सकते हैं कि मंत्री को कीचड़ से बचाने के लिए उनके आगे बोरियां रखी जा रही हैं। - Dainik Bhaskar

मसूरी झील पर था कार्यक्रम

मंत्री संजय निषाद सोमवार को गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में मत्स्य विभाग की झील पर एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 5 लाख रुपए तक के सामूहिक दुर्घटना बीमा का पत्र सौंपने और जागरुकता संगोष्ठी कार्यक्रम था।

मंत्री के पहुंचने से कुछ देर पहले ही गाजियाबाद में जोरदार बारिश हुई थी। इस वजह से झील की तरफ जाने वाले रास्ते पर कीचड़ हो गई। सबसे पहले तो मंत्री की फॉरच्यूनर को वहां तक पहुंचने में दिक्कत आई। एक जगह जाकर जब रास्ता बंद हो गया तो मंत्री को गाड़ी से उतरना पड़ा और पैदल चल दिए।

बोरी बिछाने के लिए दो कर्मचारी थे तैनात

कीचड़ से मंत्री का कुर्ता गंदा होने का डर था, वहीं उनके फिसलने का भी। सो, पूरे रास्ते में बोरियां बिछाई गईं। मंत्री बोरी से एक कदम आगे रखे, वैसे ही पीछे वाली बोरी उठाकर आगे रख दी जाती।

यह सिलसिला उनकी गाड़ी से झील तक तक चला, जहां ये कार्यक्रम आयोजित था। पूरे रास्ते बोरियां बिछाने और उठाने के लिए दो कर्मचारी खासतौर पर तैनात किए गए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.