WWE के मशहूर रेसलर दलीप राणा उर्फ द ग्रेट खली पर टोलकर्मी ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। टोलकर्मियों ने उनकी कार को घेर लिया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने खली को सुरक्षित निकाला।

टोलकर्मियों का कहना है कि आईडी मांगने पर खली ने थप्पड़ मारा, वहीं खली का कहना है कि टोलकर्मी कार में घुसकर फोटो खिंचवाने की जिद कर रहे थे। उन्होंने टोलकर्मियों पर अपशब्द बोलने का भी आरोप लगाया। लुधियाना पुलिस ने कहा- मामले में किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है।


खली बोले- फोटो खिंचवाने से मना करने पर मिसबिहेव किया
खली ने कहा कि वह जालंधर से करनाल जा रहे थे। इसी दौरान फिल्लौर के नजदीक लाडोवाल टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने उनके साथ फोटो खिंचवानी चाही। वह गाड़ी के अंदर बैठकर फोटो खिंचवाने के लिए कह रहे थे। जब उन्होंने इनकार किया तो उनके साथ मिसबिहेव किया गया।

WWE के पूर्व चैंपियन, अब अपनी एकेडमी चला रहे
द ग्रेट खली मशहूर रेसलिंग कंपीटिशन WWE के चैंपियन रह चुके हैं। अब वह जालंधर में अपनी कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एकेडमी (CWE) चला रहे हैं, जहां वह नए रेसलर तैयार कर रहे हैं।

भाजपा में शामिल हो चुके खली
खली पंजाब चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। खली ने कहा था कि WWE में नाम और पैसा बहुत है लेकिन वह देश की सेवा के लिए वापस लौटे हैं।

