उत्तर प्रदेश : झांसी में बाइक सवार तीन बदमाश युवक से 30 दिन के डॉगी को लूटकर ले गए। डॉगी बीमार था, युवक उसे दिखाने के लिए बैग में रखकर ले जा रहा था। बदमाशों ने बैग में कैश समझकर वारदात की और फरार हो गए।घटना 7 जुलाई की रात की है। लेकिन लूट का वीडियो अब वायरल हो रहा है। घटना के बाद से एक महिला लगातार पुलिस के चक्कर काट रही है। वह अपने पालतू डॉगी को पुलिस से वापस दिलाने की गुहार लगा रही है। अब लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उन्नाव गेट के पास रहने वाले कुणाल ने मिशन कंपाउंड निवासी रवि से एक डॉगी लिया था। डॉगी बीमार था। 7 जुलाई की रात को वह इलाज कराने के लिए डॉगी को पिठ्ठू बैग में डालकर रवि के पास ले जा रहा था।रास्ते में बालाजी रोड पर बाइक सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने बाइक आगे अड़ाकर कुणाल की स्कूटी रुकवा ली। इसके बाद थप्पड़ मारे और बैग में कैश समझकर कुत्ते को छीनकर ले गए। वह चीखता रहा कि उसमें कुत्ता लेकिन बदमाशों ने उसकी एक नहीं सुनी। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जांच कर रही हैं पुलिस
मामले में सीओ सिटी राजेश कुमार राय ने बताया कि बैग छीनने की घटना हुई है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




