भगवान शिव को प्रिय सावन का आज पहला दिन है। देवघर के बाबा वैद्यनाथ मंदिर में पहले दिन की पहली पूजा 55 मिनट तक हुई है। सुबह 3 बजकर 5 मिनट पर बाबा का पट खुलते ही काचा जल चढ़ाया गया। पंडा समाज के द्वारा काचा जल चढ़ाकर बाबा को ठंडा करने की परम्परा है। बाबा को काचा जल चढ़ाकर उनसे पूजा अर्चना के लिए अनुमति ली जाती है, इसके बाद ही बाबा की सरदारी पूजा की जाती है।
सावन के पहले दिन बाबा को चंदन के लेप के साथ विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों के साथ बेलपत्र अर्पित किया गया। 28 मिनट तक चली सावन की पहली सरदारी पूजा में बाबा की विधिवत मंत्रोच्चार के साथ उपासना की गई। आम भक्तों की पूजा सुबह 4 बजे से शुरू हुई है।
देवघर के अनुराग पंडा बताते हैं कि बाबा का पट मंत्रों के साथ खोला जाता है। मंत्रोचार के साथ बाबा को पट खोलने के साथ जगाया जाता है। इसके बाद बाबा को काचा जल यानी सादा जल से अभिषेक कराया जाता है। पंडा समाज के लोग काचा जल चढ़ाकर बाबा को ठंडा करते हैं, बाबा से पूजा उपासना की अनुमित लेते हैं।
इसके बाद बाबा की सरदारी पूजा होती है। सरदारी पूजा में बाबा को पहले चंदन और सुगंधित तेल का लेप किया जाता है। इसके बाद पुष्प और बेलपत्र के साथ बाबा के पसंद की सामग्री चढ़ाई जाती है। इसमें दूध दही पंचामृत के साथ अन्य सामग्रियां होती हैं। सरदारी पूजा का नियम है कि बाबा को चढ़ाई जाने वाली हर सामग्री विधिवत चांदी के पात्र में लाई जाती है और विधि विधान से उनपर चढ़ाया जाता है।

