पटना। बिहार से मानसून बिल्कुल ही रूठ गया है। राज्य में औसत से 99 से 60% तक कम बारिश हुई है। 30 जिलों में 80 फीसदी से कम बारिश हुई है। जुलाई में अब तक (14 जुलाई) औसतन 160.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि मात्र 20.9 मिमी हुई है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार एक मात्र कैमूर जिला है, जहां स्थिति कुछ-कुछ नियंत्रण में है।
इधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बिहार के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की स्थिति बनी हुई है। हवा 22-29 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
वहीं, बारिश ना होने की सूरत में ग्रामीण इंद्र भगवान को खुश करने के लिए पारंपरिक टोटके अपनाने शुरू कर दिए हैं। कहीं सूखे बांस से बनाए हल से खेतों को महिलाएं जोत रहीं हैं, तो कहीं गीत गाते हुए घर-घर जाकर महिलाएं पानी मांग रही हैं। हसनपुर गांव की महिलाओं ने इंद्रदेव को प्रसन्न कर बारिश के लिए टोटकों में से खेतों को बांस से बने हल से जोतना शुरू कर दिया।


