मुजफ्फरपुर। रेलवे की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव को देखते हुए दो ऐतिहासिक ट्रेनों – 12311 हावड़ा-कालका मेल को नेताजी सुभाषचन्द्र बोस गोमो पर स्पॉट लाइटिंग कर तथा समस्तीपुर मंडल में ‘हेरिटेज स्पेशल‘ को आकर्षक एवं विशेष रूप से सजा संवार कर परिचालन करने की योजना है। हावड़ा-कालका मेल को मध्य रात्रि में नियत समय 02.24 बजे विशेष आयोजित कार्यक्रम में झण्डी दिखाकर परिचालित की जायेगी ताकि उस ऐतिहासिक क्षण को पुनर्जीवित किया जा सके।
इसके साथ ही दिनांक 23 जुलाई को ‘हेरिटेज स्पेशल ट्रेन‘ को तीन आई.सी.एफ कोचेज व दो एस.एल.आर के फॉर्मेशन से विशेष यात्रा के रूप में बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर तक पूरे धूमधाम से परिचालित की जायेगी ताकि पूरे जनमानस में उस ऐतिहासिक क्षण का महत्व एवं उसकी भूमिका का संदेश पहुंचाया जा सके।
यह ‘हेरिटेज स्पेशल‘ वही ट्रेन है जिससे महात्मा गांधी स्थानीय किसानों के आग्रह पर पश्चिमी चम्पारण आये थे और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अहिंसा व सत्याग्रह के प्रयोग की शुरूआत की थी । यह कार्यक्रम इस ट्रेन, स्थल व प्रयोग से हमारी भावनात्मक जुड़ाव को रेखांकित करता है। हमारा यह प्रयास है कि नेताजी के परिवार या नजदीकी परिजनों को इस ऐतिहासिक पल में शामिल कर हम यशस्वी के भागी बने।


