सावन महीने की दूसरी सोमवारी को मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में लाखों कांवरियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्था में कुछ जरूरी बदलाव किए हैं। ताकि भीड़ को आराम से कंट्रोल किया जा सके। अफरातफरी या भगदड़ की स्थिति नहीं बने। इसे लेकर SDO पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने मंदिर में बैठक की। इसमे प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक, वार्ड पार्षद संजय केजरीवाल और केपी पप्पू समेत अन्य मौजूद थे।

इस दौरान महिला कांवरियों की सुविधा पर चर्चा हुई। कहा गया कि महिला कांवरियों को जलाभिषेक कराने के लिए महिला पुलिस बल मौजूद रहेगी। सेवा दल के पुरुष सदस्य महिला कांवरियों की भीड़ को कंट्रोल नहीं करेंगे। इसके अलावा अरघा के पीछे भी स्वयंसेवक नहीं रहेंगे। कांवरिया आएंगे और जलाभिषेक कर आगे बढ़ते चले जायेंगे। कांवरिया मार्ग में सेवा दल के सदस्य अवश्य मौजूद रहेंगे। ताकि भक्त को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

कंट्रोल रूम से व्यवस्था की मॉनिटरिंग
SDO पूर्वी ने कहा कि मंदिर के समीप जो प्रशासनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है। उसका विस्तार किया जाएगा। उसका दायरा बढ़ाया जाएगा। वहां से मंदिर की भीड़, बिजली व्यवस्था और साफ सफाई की व्यवस्था की भी मॉनिटरिंग होगी। उक्त विभाग के वरीय अधिकारी भी वहां पर मौजूद रहेंगे। ताकि किसी प्रकार की दिक्कत होने पर फौरन इसे दुरुस्त किया जा सके।

मंदिर के पास बनेगा पंडाल
मंदिर के पास भी एक बड़ा पंडाल बनाया जाएगा। ताकि कांवरिया बिना भीगे जलाभिषेक कर सकें। पहली सोमवारी को बारिश नहीं हुई थी। लेकिन, मॉनसून के दोबारा लौटने से बारिश की प्रबल संभावना बनी हुई है। वहीं टाउन DSP रामनरेश पासवान ने बताया कि कांवरियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो। इसके लिए पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध है। कांवरियों की सभी सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। पुलिस टीम सदैव उनकी सुरक्षा में मुस्तैद है।



