जमुई में पुलिस ने 11 कांवरियों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। सभी दो कार पर सवार होकर देवघर से वापस लौट रहे थे। इनके पास से अंग्रेजी शराब की 4 बोतल भी मिली। दरअसल, चकाई पुलिस एलटीएफ टीम द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। महेशा पत्थर चेक पोस्ट पर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर सभी नशे में पाए गए।

इस संबंध में चकाई इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि एलटीएफ प्रभारी मृत्युंजय कुमार पंडित, एसआई अशोक कुमार सिंह एवं जिला बल के साथ एक टीम बनाकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान चकाई जमुई मुख्य मार्ग स्थित महेशा पत्थर चेक पोस्ट पर दो कार को रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 4 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने शराब के नशे में किशन कुमार महतो पिता महेंद्र महतो, उमेश कुमार महतो पिता सीताराम महतो, रंजीत राव पिता गणेश राव, पंकज गुप्ता पिता सत्यनारायण गुप्ता, विशाल कुमार पिता रामु महतो, रामु महतो पिता लखन महतो जो सीतामढ़ी जिले के रीगा इलाके के हैं ।गौरव कुमार पिता देवदत्त कुमार, शशिभूषण आर्या पिता मुन्ना प्रसाद, रंजीत कुमार पिता संजय कुमार, अमन कुमार पिता लक्ष्मी कांत पटना के निवासी हैं ।

सभी नशे में पाए गए थे । जिसके बाद सभी पर बिहार मध निषेध उत्पाद संशोधन अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार लोगों को न्यायिक हिरासत में जमुई भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी लोग सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैजनाथ धाम में पूजा अर्चना कर वापस घर लौट रहे थे।



