नालंदा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर इन दिनों पाटलिपुत्रा यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित B.A पार्ट टू की परीक्षा ली जा रही है। ऐसे में एक परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने जमीन पर बैठकर मोबाइल और चिट के सहारे नकल करते दिखे। परीक्षार्थियों के चीट करने का ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में एक ही कमरे में जमीन पर बैठकर परीक्षार्थी बड़े आराम से एक दूसरे की नकल कर मोबाइल और चिट के सहारे एग्जाम दे रहे। ये वीडियो शुक्रवार का है। वायरल वीडियो बिहार शरीफ के स्टेशन रोड स्थित अल्लामा इकबाल कॉलेज का बताया जा रहा। जहां नालंदा शोध संस्थान का सेंटर पड़ा है।

वीडियो बना रहा परीक्षार्थी कई परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड भी बार-बार दिखा रहा है। जिसमें साफ तौर पर कॉलेज का नाम दिख रहा है। वायरल वीडियो से साफ जाहिर हो रहा है कि किस तरह यहां कदाचार मुक्त माहौल में परीक्षा ली जा रही है। जहां न तो परीक्षार्थियों के बैठने के लिए बेंच है और ना ही कदाचार रोकने के लिए कोई वीक्षक दिखाई दे रहे हैं।




